Boxing Legend Challenge Brock Lesnar: WWE में लंबे समय से ब्रॉक लैसनर (Brock Lesnar) नज़र नहीं आए हैं। उनकी वापसी का इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं। पिछले साल एक विवाद में उनका नाम सामने आया था, जिसके बाद कंपनी ने उनसे दूरी बना ली थी। खैर लैसनर किसी ना किसी वजह से चर्चा में जरूर रहते हैं। इस बार बॉक्सिंग दिग्गज एरिक एस्च ने उन्हें ललकारा है। उन्होंने द बीस्ट को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वो रिंग में वापसी के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
WWE SummerSlam 2023 में ब्रॉक लैसनर का मुकाबला कोडी रोड्स के साथ हुआ था। दोनों के बीच तगड़ा मैच फैंस को देखने को मिला। अंत में कोडी ने जीत हासिल की। इसके बाद से WWE टीवी पर अभी तक द बीस्ट नहीं आए हैं। कंपनी से गए हुए उन्हें बहुत लंबा समय हो गया है। उनकी वापसी को लेकर अभी तक कोई भी कंंफर्म जानकारी सामने नहीं आई है। पिछले साल ट्रिपल एच ने जरूर ये कहा था कि वो कंपनी के साथ अभी भी बने हुए हैं।
IFL TV को हाल ही में एरिक एस्च ने अपना इंटरव्यू दिया। उनसे वहां पर ब्रॉक लैसनर से मैच लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया था। उन्होंने कहा,
मैं बॉक्सिंग मैच में ब्रॉक लैसनर से लड़ना पसंद करूंगा। वो बिग गाय हैं। ये लड़ाई बहुत ही जबरदस्त रहेगी। फैंस भी इसे देखना चाहेंगे। ये एक रियल फाइट होगी। पैसा कमाओ और जाओ वाली बात नहीं होगी। मैं असली लड़ाई चाहता हूं। मैं वापसी के लिए तैयार हूं।
WWE रिंग में कब होगी ब्रॉक लैसनर की वापसी?
ब्रॉक लैसनर की WWE में वापसी अभी संभव नहीं लग रही है। जेनल ग्रांट विवाद से लैसनर को अभी छुटकारा नहीं मिला है। दरअसल कुछ हफ्ते पहले जेनल ग्रांट के वकीलों ने विंस मैकमैहन के खिलाफ शिकायत में संशोधन के लिए एक प्रस्ताव जारी किया था, जिसमें द बीस्ट का नाम भी ऑफिशियल तौर पर सामने आया था। इस लिहाज से अब आप समझ सकते हैं कि विवाद के बीच उनका WWE में आना अब काफी मुश्किल है। ट्रिपल एच उनकी वापसी कराने के मूड में शायद अब नहीं होंगे।