Former WWE Star Achieved Massive Feat: पूर्व WWE सुपरस्टार और 24 साल के गेबल स्टीवसन (Gable Steveson) को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। शायद इसके बारे में जानकर उनके फैंस को थोड़ा बहुत खुशी मिलेगी। स्टीवसन ने मैट रेसलिंग की दुनिया में एक खास उपलब्धि हासिल की है। धुरंधर रेसलर ने Big Ten Wrestling चैंपियनशिप 2025 में बड़ा रिकॉर्ड बनाया है।
गेबल स्टीवसन ने साल 2020 ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर अपना बड़ा नाम बनाया। WWE के साथ इसके बाद तुरंत उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट साइन किया। लगा था कि बहुत जल्द वो मेन रोस्टर में आकर बवाल मचाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। NXT में उन्होंने कुछ मुकाबले लड़े, जिनमें उनका प्रदर्शन खास नहीं था। अंत में मई, 2024 में WWE ने उन्हें रिलीज कर दिया। गेबल जब WWE में आए थे तब उनकी तुलना दिग्गज ब्रॉक लैसनर से की गई थी।
Big Ten Wrestling चैंपियनशिप के दौरान गेबल स्टीवसन ने मिनेसोटा गोल्डन गोफर्स के लिए रेसलिंग की। उन्होंने ग्रेट केर्कव्लियट को मात दी। स्टीवसन ने अपना लगातार चौथा Big Ten टाइटल जीतकर इतिहास रच दिया है। आपको बता दें ये हैवीवेट डिवीजन में उनके द्वारा बनाया गया बहुत बड़ा रिकॉर्ड है।
पूर्व WWE स्टार गेबल स्टीवसन ने दी थी प्रतिक्रिया
गेबल स्टीवसन के WWE से रिलीज होने के बाद फैंस चौंक गए थे। कंपनी ने उनके नाम को काफी हाइप किया था। इस वजह से भी सभी ने उनसे बहुत उम्मीदें लगाई थीं। हालांकि, वो अच्छा एक्शन दिखाने में नाकाम रहे। पिछले साल ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्टीवसन ने WWE से निकाले जाने को लेकर चर्चा की थी। उन्होंने स्वीकार किया कि WWE के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन करने का उनका सही समय नहीं था। गेबल ने कहा,
WWE में जाने का मेरा सही समय नहीं था। WWE ने शायद मेरे लिए कई चीजें सोची थीं। मेरे मन में किसी के लिए भी बुरी भावना नहीं है। ना ही मेरा किसी के साथ बुरा रिश्ता है। मैं सभी चीजों के साथ आगे बढ़ना चाहता हूं।
वैसे ट्रिपल एच के एरा में गेबल स्टीवसन की WWE में दोबारा वापसी हो सकती है। अगर उन्होंने अपनी रेसलिंग स्किल पर काम किया तो आगे का रास्ता खुल सकता है। WWE द्वारा उन्हें फिर से मौका दिया जा सकता है।