Gunther Issued Warning Jey Uso: WWE Raw के लेटेस्ट एपिसोड में वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन गुंथर और जे उसो (Jey Uso) का सैगमेंट हुआ। दोनों के बीच काफी गहमागहमी देखने को मिली। गुंथर ने रोमन रेंस के भाई को इस बार दिल दहला देने वाली धमकी दी है। उनका बेबाक अंदाज दिखा। शायद इससे कहीं ना कहीं उसो भी आहत हुए होंगे। द रिंग जनरल ने दावा कर दिया है कि WrestleMania 41 के बाद जे का खून फैंस के हाथ पर होगा।
इस महीने की शुरुआत में जे उसो ने रॉयल रंबल मैच जीतकर इतिहास रचा। उन्होंने अंत में जॉन सीना को एलिमिनेट कर ये कारनामा किया। जे ने पिछले हफ्ते रेड ब्रांड के शो में गुंंथर को WrestleMania 41 में अपने प्रतिद्वंदी के रूप में चुना। द रिंग जनरल उन्हें देखकर मौजूदा समय में बहुत गुस्से में हैं। वो जे का बुरा हाल करना चाहते हैं। उन्होंने उसो को मेनिया में सबक सिखाने की सोच ली है।
खैर Raw के इस हफ्ते के शो में गुंथर फैंस के बीच से आए। उन्होंने फैंस से ही पहले बात की और फिर जे उसो को कड़ी धमकी दी। चैंपियन ने कहा,
मैंने जे उसो को WrestleMania 41 के लिए सही फैसला लेने को कहा था लेकिन आप लोगों ने उनका मनोबल बढ़ा दिया। सभी को ये समझने की जरूरत है कि मैच फैंस के बीच नहीं बल्कि रिंग में होगा। इस वजह से ही जे को सभी पहलू जानने पड़ेंगे। मैं दावा करता हूं कि मेनिया के बाद जे का खून आपके सभी के हाथ पर होगा।
गुंथर इतने में ही नहीं रूके और उन्होंने माइकल कोल-पैट मैकेफी से पूछा क्या जे उसो उन्हें मेनिया में हरा पाएंगे। मैकेफी ने जवाब में हां कह दिया। द रिंग जनरल को इसके बाद गुस्सा आ गया था। हालांकि, सही वक्त पर जे उसो आ गए और फिर दोनों के बीच ब्रॉल हुआ।
क्या WWE WrestleMania 41 में जे उसो बन पाएंगे चैंपियन?
जे उसो ने अपने 15 साल के करियर में कभी भी वर्ल्ड चैंपियनशिप हासिल नहीं की है। इस बार बड़े मंच पर उनके पास सुनहरा मौका होगा। वैसे उनके लिए ये काम आसान नहीं होने वाला है। गुंथर और उनके बीच पहले भी मुकाबले हो चुके हैं। जे जीत दर्ज करने में नाकाम रहे। अब देखना होगा कि इस बार उन्हें विजय प्राप्त हो पाएगी या नहीं। वैसे चैंपियन ने अभी तक उसो को नीचा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।