WWE के 4 दिग्गज सुपरस्टार्स जो शायद फिर कभी वर्ल्ड चैंपियन नहीं बन पाएंगे

WWE में कुछ सुपरस्टार्स शायद ही दोबारा वर्ल्ड चैंपियन बन पाएंगे
WWE में कुछ सुपरस्टार्स शायद ही दोबारा वर्ल्ड चैंपियन बन पाएंगे

WWE में किसी भी सुपरस्टार के लिए सफलता हासिल करना उतना आसान नहीं है। सुपरस्टार्स को कैरेक्टर, रेसलिंग और प्रोमो स्किल्स पर ध्यान देना पड़ता है। साथ ही अपने प्रदर्शन से मैनेजमेंट को प्रभावित करना होता है। इसी के बाद सुपरस्टार्स को पुश दिया जाता है। WWE में इस समय कुछ सुपरस्टार्स हैं जो वर्ल्ड चैंपियनशिप जीत चुके हैं।

कुछ सुपरस्टार्स ऐसे भी हैं जो दोबारा चैंपियन बन सकते हैं। हालांकि, कई सुपरस्टार्स को शायद दोबारा WWE चैंपियन बनने के मौका नहीं मिल पाएगा। इसलिए इस आर्टिकल में हम 4 WWE सुपरस्टार्स के बारे में बात करने वाले हैं जो शायद ही फिर कभी वर्ल्ड चैंपियन नहीं बन पाएंगे।

4- WWE दिग्गज कोफी किंग्सटन

कोफी किंग्सटन की WrestleMania में WWE चैंपियनशिप मैच में जीत सभी को याद होगी। इसके बाद उनका टाइटल रन रोचक रहा था और उन्होंने केविन ओवेंस, समोआ जो, डॉल्फ ज़िगलर और रैंडी ऑर्टन समेत कई बड़े सुपरस्टार्स के खिलाफ अपने टाइटल को रिटेन किया था। कोफी को सालों के इंतजार के बाद WWE चैंपियन बनने का मौका मिला था।

उन्होंने किसी को निराश नहीं किया था। हालांकि, उनके टाइटल रन का अंत काफी खराब तरीके से हुआ था। इसके बाद से किंग्सटन ने टैग टीम डिवीजन में ध्यान देना शुरू किया है। कोफी को कुछ महीनों पहले WWE टाइटल मैच मिला था लेकिन उनकी जीत नहीं हो पाई थी। WWE ने अपनी बुकिंग से साफ तौर पर दिखा दिया था कि अब शायद ही किंग्सटन को टॉप सुपरस्टार की तरह पुश मिलेगा।

किंग्सटन को फैंस एक बार फिर चैंपियन बनते हुए देखना चाहते हैं। हालांकि, मौजूदा समय में बुकिंग देखकर लग रहा है कि शायद ही उन्हें एक बार फिर पुश नहीं दिया जाएगा। इस समय न्यू डे के दूसरे सदस्य बिग ई को बढ़िया तरह से बुकिंग मिल रही है। ऐसे में किंग्सटन को पुश मिलना मुश्किल है। वो टैग टीम डिवीजन में ही रहते हुए कई सारे टाइटल्स जीत सकते हैं।

3- द मिज़

द मिज़ ने दो बार WWE चैंपियनशिप जीती है और दोनों ही मौकों पर उन्हें Money in the Bank कॉन्ट्रैक्ट कैश-इन करके जीत मिली है। द मिज़ ने 2010 में WWE टाइटल पर कब्जा किया। चैंपियनशिप हारने के बाद मिज़ ने लगभग 10 सालों तक एक मिड-कार्ड सुपरस्टार की तरह काम किया और किसी को नहीं लग रहा था कि वो फिर कभी WWE चैंपियन बनेंगे।

ओटिस Money in the Bank कॉन्ट्रैक्ट विजेता के रूप में उतना प्रभावित नहीं कर रहे थे। इसी वजह से मिज़ को कॉन्ट्रैक्ट दिया गया और फिर वो दोबारा WWE चैंपियन बने। उनका टाइटल रन लंबा नहीं था और वो काफी आसानी से इसे हार गए थे। मिज़ की पिछले कुछ महीनों में बुकिंग देखकर साफ तौर पर लग रहा है कि शायद उन्हें फिर कभी वर्ल्ड चैंपियन नहीं बनाया जाएगा। वो एक मिड-कार्ड हील की तरह काम कर सकते हैं।

2- शेमस

शेमस ने WWE में जबरदस्त सफलता हासिल की है। उन्होंने आते ही कुछ महीनों में WWE की टॉप चैंपियनशिप ली थी। शेमस को काफी सालों तक बढ़िया पुश मिला लेकिन WWE ने उनकी उम्र बढ़ने के साथ पुश कम कर दिया। शेमस को अब मिड-कार्ड सुपरस्टार की तरह बुक किया जा रहा है।

उन्होंने कुछ समय पहले यूनाइटेड स्टेट्स चैंपियनशिप जीती थी। पिछले कुछ सालों में उनकी बुकिंग को देखकर कहा जा सकता है कि WWE उन्हें अब नए सुपरस्टार्स को पुश देने के लिए इस्तेमाल कर रहा है। देखा जाए तो यह WWE के लिए काफी अच्छी चीज़ है और शेमस भी लगातार अपने प्रदर्शन से प्रभावित कर रहे हैं। हालांकि, WWE शायद ही उन्हें एक बार फिर टॉप चैंपियन बनाना चाहेगा।

1- जिंदर महल

जिंदर महल अपने WWE करियर में ज्यादातर समय जॉबर रहे हैं। WWE ने 2017 में उन्हें अचानक से पुश देने का निर्णय लिया था। इसी वजह से वो WWE चैंपियन बन गए थे। उनका टाइटल रन काफी अच्छा था और उन्होंने कई बड़े सुपरस्टार्स को हराकर टाइटल रिटेन किया था। लग रहा था कि अब उन्हें WWE के टॉप सुपरस्टार्स में गिना जाएगा।

कुछ समय बाद महल का कद गिरने लगा। WWE ने बाद में अपने पूर्व चैंपियन को 24/7 टाइटल की स्टोरीलाइन में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। इसके बाद वो एक बार फिर जॉबर बन गए। 2021 में वापसी के बाद उन्होंने कई मैच हारे हैं। अब फैंस को उनमें रूचि नहीं हैं और इसी वजह से शायद ही WWE उन्हें फिर टॉप सुपरस्टार की तरह पुश देगा।

Quick Links