WWE Crown Jewel 2025 Announcement: WWE हमेशा ही किसी ना किसी प्रीमियम लाइव इवेंट के ऐलान के साथ ही उसकी जगह को भी जाहिर करती है। रेसलमेनिया (WrestleMania 41) की घोषणा करते समय भी कंपनी ने ऐसा किया था। अब कंपनी ने एक बड़े प्रीमियम लाइव इवेंट की जगह बदल दी है। वह एक नए वेन्यू पर इस साल धमाल मचाने का प्रयास कर सकते हैं। एक बड़ी बात यह है कि क्या इस प्रीमियम लाइव इवेंट के लिए इतिहास के आधार पर किसी टाइटल की घोषणा देखने को मिलेगी, या नहीं।
WWE ने घोषणा कर दी है कि इस साल होने वाला Crown Jewel प्रीमियम लाइव इवेंट पर्थ, ऑस्ट्रेलिया में होगा। यह सात साल में पहली बार होगा, जब इस इवेंट को सऊदी अरब की जगह कहीं और किया जा रहा है। इसकी उम्मीद कुछ समय पहले तब होने लगी थी, जब TKO ने ऑस्ट्रेलिया में टेकओवर की बात कही थी। उन्होंने ऐसा Elimination Chamber 2025 के बाद इशारा किया था। 11 अक्टूबर 2025 को RAC एरीना में होने वाले प्रीमियम लाइव इवेंट में अगर कंपनी ने सऊदी अरब की तर्ज पर कोई चैंपियनशिप पेश की, तो उसे लेकर फैंस का रिएक्शन देखने लायक होगा।
ऐसा इसलिए क्योंकि पिछले साल कंपनी ने Crown Jewel चैंपियनशिप पेश की थी। इसको उस समय की विमेंस वर्ल्ड चैंपियन लिव मॉर्गन और तब के अनडिस्प्यूटेड WWE चैंपियन कोडी रोड्स ने जीता था। नाया जैक्स और गुंथर को हराकर यह टाइटल और रिंग जीतने के बाद आज तक उसको कहीं इस्तेमाल नहीं किया गया है। अब देखना होगा कि क्या कंपनी इस बात को दरकिनार कर देगी या फिर यह टाइटल किसी और रूप में फैंस के सामने लाए जाएंगे।
WWE Crown Jewel 2025 के आसपास होंगे और भी बढ़िया शो
WWE ने Crown Jewel 2025 से पहले 10 अक्टूबर 2025 को होने वाले SmackDown और 13 अक्टूबर 2025 को होने वाले Raw एपिसोड को भी पर्थ, ऑस्ट्रेलिया में करने का ऐलान किया है। कंपनी ने Elimination Chamber 2024 को जब पिछली बार पर्थ में आयोजित किया था तो उस समय फैंस को बहुत अच्छा लगा था। रिया रिप्ली ने मेन इवेंट में अपनी विमेंस वर्ल्ड चैंपियनशिप को नाया जैक्स के खिलाफ रिटेन किया था। अब देखना होगा कि इस साल क्या होता है।