WWE ने ऐतिहासिक ऐलान करने के बाद फैंस को दिया एक और बड़ा तोहफा, कंपनी के टॉप शो के आयोजन से जुड़ी जानकारी आई सामने

..
WWE लगातार कई देशों में होस्ट कर रही है शोज़
WWE लगातार कई देशों में होस्ट कर रही है शोज़

SmackDown: WWE मैनेजमेंट द्वारा पिछले साल हुए कुछ बदलाव का एक बड़ा फायदा यह हुआ है कि कंपनी अब यूएसए के अलावा कई अन्य देशों में भी बड़े इवेंट्स को होस्ट कर रही है। फैंस को भी यह पसंद आ रहा है। हाल ही में कंपनी ने स्मैकडाउन (SmackDown) से जुड़ा एक बड़ा ऐलान किया है।

कंपनी यूरोप में अपने शोज़ की संख्या लगातार बढ़ाती जा रही है। WWE ने हाल ही में ऐतिहासिक ऐलान करते हुए यूरोप के फैंस को खुश कर दिया था। दुनिया की सबसे बड़ी रेसलिंग कंपनी अगले साल 31 अगस्त को जर्मनी में Bash in Berlin प्रीमियम लाइव इवेंट का आयोजन करने वाली है। WWE का जर्मनी में यह पहला प्रीमियम लाइव इवेंट होगा।

Bash in Berlin प्रीमियम लाइव इवेंट की जबरदस्त प्री-रजिस्ट्रेशन (टिकट सेल्स) से उत्साहित होकर कंपनी ने जर्मन फैंस को एक और बड़ा सरप्राइज दिया है। WWE इस प्रीमियम लाइव इवेंट से ठीक एक दिन पहले SmackDown का एपिसोड जर्मनी में मौजूद मर्सडीज बेंज एरीना में 30 अगस्त 2024 को होस्ट करेगी। कंपनी निश्चित ही अपने सभी बड़े स्टार्स को बुक करके शो को सफल बनाना चाहेगी।

WWE कई देशों में होस्ट करने वाला है प्रीमियम लाइव इवेंट

कंपनी ने पिछले साल Clash at the Castle इवेंट को यूके में होस्ट किया था। इस साल की शुरुआत में Elimination Chamber 2023 कनाडा में हुआ था। इसके बाद Backlash 2023 प्यूर्टो रीको में और जुलाई 2023 में Money in the Bank फिर से यूके में होस्ट किया गया था। कंपनी ने इस महीने की शुरुआत में Crown Jewel इवेंट सऊदी अरब में आयोजित किया था।

दुनिया की सबसे बड़ी रेसलिंग कंपनी ने 2024 के लिए भी कुछ बड़े इवेंट्स का ऐलान कर दिया है। कंपनी अगले साल फरवरी में Elimination Chamber प्रीमियम लाइव इवेंट का आयोजन ऑस्ट्रेलिया में करने वाली है। यह शो 24 फरवरी 2024 को पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में होगा। हाल ही में स्टैमफोर्ड बेस्ड प्रमोशन ने एक और इंटरनेशनल प्रीमियम लाइव इवेंट की पुष्टि करते हुए ऐलान किया कि Backlash 2024 का आयोजन फ्रांस में होगा। जर्मनी की तरह फ्रांस में भी WWE पहला प्रीमियम लाइव इवेंट कराने जा रही है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now