WWE में रोमन रेंस और द अंडरटेकर ने कब टीम बनाकर लड़ा मैच?

WWE Extreme Rules में अंडरटेकर और रोमन रेंस ने टीम बनाकर मैच लड़ा था
WWE Extreme Rules में अंडरटेकर और रोमन रेंस ने टीम बनाकर मैच लड़ा था

WWE में रोमन रेंस (Roman Reigns) और द अंडरटेकर (The Undertaker) के बीच काफी बड़ी दुश्मनी रही है। रोमन रेंस ने WWE रेसलमेनिया (WrestleMania) 33 में टेकर को हराकर सभी को चौंकाया था। इसके बाद किसी ने नहीं सोचा था कि दोनों सुपरस्टार्स एक टीम में काम करेंगे। हालांकि, WWE एक्सट्रीम रूल्स (Extreme Rules) 2019 में उन्हें साथ लड़ने का मौका मिला था।

WWE Extreme Rules 2019 में रोमन रेंस और अंडरटेकर ने टैग टीम मैच में काम किया था

रोमन रेंस और अंडरटेकर ने टीम बनाकर शेन मैकमैहन और ड्रू मैकइंटायर का नो होल्ड्स बार्ड टैग टीम मैच में सामना किया। असल में इस मैच का आयोजन WWE के पीपीवी की शुरुआत में किया गया था। उनका यह मैच 17 मिनट तक चला। मैच के अंदर काफी समय तक शेन मैकमैहन ने रोमन और अंडरटेकर के खिलाफ संघर्ष किया।

बाद में ड्रू मैकइंटायर ने टैग लेकर एंट्री की और अंडरटेकर के साथ उनकी लड़ाई हुई। अंडरटेकर का पलड़ा भारी रहा और फिर रोमन ने भी दबदबा बनाए रखा। हालांकि, शेन मैकमैहन ने चीटिंग करते हुए रोमन को रिंग के बाहर कर दिया। अंडरटेकर ने मैकमैहन को दूर किया लेकिन मैकइंटायर ने रोमन पर दबदबा बनाया।

youtube-cover

रोमन ने काफी लंबे समय तक संघर्ष किया। इसके बावजूद जब अंडरटेकर ने टैग लिया तो चीज़ें पलट गई। रिंगसाइड पर द फिनोम ने मैकमैहन को पटकने की तैयारी कर ली थी लेकिन इलायस ने आकर गिटार से टेकर को धराशाई किया। इसके बाद शेन, ड्रू और इलायस ने मिलकर रेंस को धराशाई किया और फिर अंडरटेकर की बुरी हालत की।

शेन ने टॉप रोप से टेबल पर मौजूद अंडरटेकर पर अपना मूव लगाया। उन्होंने अंडरटेकर को रिंग में लाने के बाद उनपर ट्रैश कैन रखी और मैकमैहन ने फिर अपना धमाकेदार मूव कोस्ट-टू-कोस्ट लगाया। रोमन की वापसी हुई और उन्होंने मैकइंटायर और इलायस को संभाला जबकि अंडरटेकर भी अचानक से खड़े हुए।

इसके बाद उन्होंने शेन मैकमैहन और इलायस पर चोकस्लैम लगाया। उनके पीछे ड्रू मैकइंटायर क्लेमोर किक लगाने के लिए तैयार थे। द बिग डॉग ने बीच में आकर डेडमैन को बचाते हुए स्कॉटिश सुपरस्टार पर स्पीयर लगाया। रेंस ने मैकमैहन को उठाया और अंडरटेकर के पास भेज दिया। उन्होंने टॉम्बस्टोन पाईलड्राइवर लगाकर मैच में जीत दर्ज की। मैच के बाद अंडरटेकर और रोमन रेंस ने हाथ मिलाया।

Quick Links