WWE Fastlane 2023: 5 चौंकाने वाली चीज़ें जो फास्टलेन में देखने को मिल सकती हैं 

WWE Fastlane 2023 में कुछ रोचक चीज़ें देखने को मिल सकती हैं
WWE Fastlane 2023 में कुछ रोचक चीज़ें देखने को मिल सकती हैं

Fastlane 2023: WWE के अगले प्रीमियम लाइव इवेंट फास्टलेन (Fastlane) 2023 के आयोजन में अब कुछ ही दिन रह गए हैं। इस साल Fastlane का आयोजन 7 अक्टूबर (भारत में 8 अक्टूबर) को होने वाला है। इस इवेंट के लिए अभी तक 5 मैचों का ऐलान किया जा चुका है।

वहीं, बाकी मैचों का Fastlane से पहले होने जा रहे SmackDown के आखिरी एपिसोड में आयोजन किया जा सकता है। देखा जाए तो WWE इस इवेंट में कुछ सरप्राइज बुक करके इसे धमाकेदार बनाना चाहेगी। इस आर्टिकल में हम ऐसी 5 चौंकाने वाली चीज़ों का जिक्र करने वाले हैं जो कि WWE Fastlane 2023 में देखने को मिल सकती हैं।

5- WWE Fastlane 2023 में टैग टीम मैच में हार के बाद सैंटोस इस्कोबार हील टर्न ले सकते हैं

WWE Fastlane 2023 में LWO (रे मिस्टीरियो, सैंटोस इस्कोबार & ज्वाकिन वाइल्ड) का सिक्स-मैन टैग टीम मैच में बॉबी लैश्ले & स्ट्रीट प्रॉफिट्स से सामना होने जा रहा है। देखा जाए तो LWO के मुकाबले बॉबी लैश्ले & स्ट्रीट प्रॉफिट्स की टीम ज्यादा ताकतवर नज़र आ रही है। यही कारण है कि इस मुकाबले में LWO को हार का सामना करना पड़ सकता है।

बता दें, सैंटोस इस्कोबार पिछले हफ्ते SmackDown में रे मिस्टीरियो के खिलाफ मिली हार के बाद निराश नज़र आए थे। अगर सैंटोस को Fastlane में एक और हार मिलती है तो इससे उनका गुस्सा काफी बढ़ जाएगा। इसके बाद वो रे मिस्टीरियो पर खतरनाक हमला करके हील टर्न लेते हुए चौंका सकते हैं।

4- WWE Fastlane 2023 में शार्लेट फ्लेयर नई चैंपियन बन सकती हैं

WWE Fastlane में इयो स्काई को शार्लेट फ्लेयर & ओस्का के खिलाफ मैच में अपना विमेंस टाइटल डिफेंड करना है। इयो स्काई के लिए इस ट्रिपल थ्रेट मुकाबले में अपना टाइटल डिफेंड करना बिल्कुल भी आसान नहीं होगा। देखा जाए तो 14 बार की विमेंस चैंपियन शार्लेट फ्लेयर के पास टाइटल मैचों में लड़ने और जीतने का ढेर सारा अनुभव मौजूद है।

इसके अलावा इस वक्त शार्लेट के पास काफी मोमेंटम भी है। यही कारण है कि रिक फ्लेयर की बेटी Fastlane में होने जा रहे ट्रिपल थ्रेट मैच को जीतकर एक बार फिर विमेंस टाइटल हासिल कर सकती हैं। अगर ऐसा होता है तो शार्लेट WWE में जॉन सीना और रिक फ्लेयर के 16 वर्ल्ड टाइटल जीत के रिकॉर्ड के और करीब पहुंच जाएंगी।

3- एलए नाइट WWE Fastlane में Bloodline के खिलाफ टैग टीम मैच में अपनी टीम को जीत दिला सकते हैं

एलए नाइट & जॉन सीना को Fastlane 2023 में ब्लडलाइन (जिमी उसो & सोलो सिकोआ) के खिलाफ टैग टीम मैच लड़ना है। देखा जाए तो इस वक्त एलए नाइट को बड़ा पुश दिया जा रहा है। रिपोर्ट्स की माने तो WWE नाइट को रोमन रेंस का अगला चैलेंजर बनाने की तैयारी कर रही है

यही कारण है कि ऐसा लग रहा है कि WWE इस बड़े मुकाबले में एलए नाइट के हाथों ब्लडलाइन को हार के लिए बुक कर सकती है। इस स्थिति में नाइट ब्लडलाइन के बहुत बड़े दुश्मन बन जाएंगे। इसके बाद रोमन रेंस वापसी के बाद मेगास्टार के साथ फिउड की शुरुआत करते हुए दिखाई दे सकते हैं।

2- WWE Fastlane 2023 में जेड कार्गिल का डेब्यू हो सकता है

पूर्व AEW सुपरस्टार जेड कार्गिल ने WWE के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन कर लिया है और अटकलें लगाई जा रही हैं कि वो जल्द ही इस रेसलिंग कंपनी में अपना डेब्यू कर सकती हैं। रिपोर्ट्स की माने तो जेड कार्गिल Fastlane 2023 के दौरान WWE में बैकस्टेज मौजूद रहेंगी। यही कारण है कि इस इवेंट में जेड का चौंकाने वाला डेब्यू देखने को मिल सकता है।

रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि जेड कार्गिल डेब्यू के बाद Raw का हिस्सा बन सकती हैं। बता दें, जेड ट्विटर के जरिए फैंस से सवाल पूछ रही हैं कि उन्हें किस सुपरस्टार को अपना पहला शिकार बनाना चाहिए। अगर कार्गिल Fastlane में डेब्यू करती हैं तो वो रेड ब्रांड में मौजूद किसी सुपरस्टार पर हमला करते हुए दिखाई दे सकती हैं।

1- WWE Fastlane 2023 में Drew Mcintyre का हील टर्न हो सकता है

फिन बैलर & डेमियन प्रीस्ट को Fastlane में कोडी रोड्स & जे उसो के खिलाफ मैच में अपना अनडिस्प्यूटेड टैग टीम टाइटल्स डिफेंड करना है। इस बात में कोई शक नहीं है कि यह धमाकेदार मैच होने जा रहा है। इस मुकाबले में ड्रू मैकइंटायर के दखल देने का खतरा बना हुआ है।

इस वक्त ड्रू कैरेक्टर चेंज से गुजर रहे हैं और वो जे उसो को Raw में लाने की वजह से कोडी रोड्स से खुश नहीं हैं। यही कारण है ड्रू मैकइंटायर अनडिस्प्यूटेड टैग टीम चैंपियनशिप मैच में कोडी रोड्स & जे उसो की हार का कारण बनकर हील टर्न लेते हुए चौंका सकते हैं। यही नहीं, मैकइंटायर मुकाबले के बाद कोडी & जे पर जानलेवा हमला कर सकते हैं।

Quick Links

App download animated image Get the free App now