WWE Raw, अच्छी और बुरी बातें: दिग्गजों ने मेन इवेंट में मचाया बवाल, पूर्व चैंपियन को लेकर हुई गलती

WWE Raw के एपिसोड ने प्रभावित किया
WWE Raw के एपिसोड ने प्रभावित किया

WWE रॉ (Raw) का एपिसोड काफी ज्यादा बढ़िया साबित हुआ। WWE ने कुछ जबरदस्त मैचों और सैगमेंट्स का आयोजन किया। दरअसल, समरस्लैम (SummerSlam) पीपीवी शानदार साबित हुआ था। इस वजह से सभी को उम्मीद थी कि Raw का एपिसोड भी काफी शानदार रहेगा। Raw का यह एपिसोड पूरी तरह अच्छा नहीं था क्योंकि कुछ जगहों पर WWE ने निराश किया।

इसके बावजूद ज्यादा मैच और सैगमेंट काफी अच्छे रहे। WWE ने Raw में कुछ नई स्टोरीलाइंस को शुरू करते हुए प्रभावित किया। बड़ी बात यह है कि ज्यादातर स्टोरीलाइंस जारी नहीं रही। WWE ने SummerSlam के बाद अपने लिए एक नई शुरुआत की है और यह चीज़ Raw के एपिसोड को देखकर साफ तौर पर दिखाई दी।

Raw का एपिसोड जरूर ही मनोरंजक साबित हुआ। हालांकि, हर एक एपिसोड की अच्छी और बुरी बातें होती हैं। Raw के एपिसोड में कुछ चीज़ों ने प्रभावित किया वहीं कुछ जगहों पर फैंस को निराशा का सामना करना पड़ा। इसलिए इस आर्टिकल में हम Raw के एपिसोड की अच्छी और बुरी बातों के बारे में बात करने वाले हैं।

1- WWE Raw की अच्छी बात: रिडल और रैंडी ऑर्टन की जोड़ी

रिडल और रैंडी ऑर्टन ने सही मायने में Raw टैग टीम चैंपियनशिप का कद बढ़ा दिया है। हमेशा ही फैंस का मानना रहता है कि WWE अपने टैग टीम डिवीजन पर ध्यान नहीं दे रहा है। हालांकि, मौजूदा समय में Raw टैग टीम टाइटल्स सबसे ज्यादा चर्चा का विषय रहते हैं। इसका कारण रैंडी ऑर्टन और रिडल की अनोखी जोड़ी को माना जा सकता है। दोनों ही सुपरस्टार्स को हमेशा ही साथ देखना रोचक रहता है।

दोनों सुपरस्टार्स के कैरेक्टर्स अलग हैं और इस वजह से जब भी वो साथ दिखाई देते हैं तो फैंस प्रभावित हो जाते हैं। Raw के एपिसोड में दोनों ने मेन इवेंट में प्रभावित किया। रिडल ने रैंडी ऑर्टन को गिफ्ट दिया और इसके बाद पूर्व NXT सुपरस्टार को एजे स्टाइल्स पर बड़ी जीत मिली। ऑर्टन ने स्टाइल्स पर RKO लगाकर Raw का शानदार तरीके से अंत किया।

1- बुरी बात: कैरियन क्रॉस के कैरेक्टर में बदलाव

कैरियन क्रॉस के पास शानदार कैरेक्टर, मैनेजर और थीम सॉन्ग था। इसी वजह से NXT में आते ही उन्हें बड़ा पुश मिला। लग रहा था कि मेन रोस्टर पर आने के बाद उनका करियर पूरी तरह बदल जाएगा। इसके बावजूद WWE ने उनके कैरेक्टर को लेकर खराब चीज़ की। पहले WWE ने उनके थीम सॉन्ग में थोड़े बदलाव किये।

इसके अलावा स्कार्लेट उनके साथ बतौर मैनेजर नजर नहीं आ रही थीं। अब उनके कैरेक्टर में भी बदलाव देखने को मिला। उन्होंने एक अजीब से मास्क को लगाकर एंट्री की और इसने कई सारे फैंस को निराश किया। क्रॉस ने जरूर जीत दर्ज की है लेकिन इस कैरेक्टर चेंज से उन्हें किसी भी तरह से फायदा नहीं होगा।

2- अच्छी बात: द मिज़ और जॉन मॉरिसन का अलग होना

द मिज़ और जॉन मॉरिसन काफी समय से टैग टीम डिवीजन में नजर आ रहे थे। पिछले कुछ महीनों से वो साथ मिलकर कुछ खास नहीं कर रहे थे। इस वजह से WWE ने अब उन्हें अलग करने का निर्णय लिया है। द मिज़ ने Raw के एपिसोड में जॉन मॉरिसन को धोखा देकर सभी को चौंकाया।

दोनों ही सिंगल्स सुपरस्टार के रूप में काफी अच्छा काम कर सकते हैं। आने वाले समय में उनके बीच स्टोरीलाइन भी देखने लायक रहेगी। मिज़ और मॉरिसन के बीच कुछ जबरदस्त मैच देखने को मिलेंगे और इसके बाद वो दोनों अलग हो सकते हैं। साथ ही अपने सिंगल्स करियर की शुरुआत कर सकते हैं।

2- बुरी बात: कीथ ली की गैरमौजूदगी

कीथ ली Raw के एपिसोड में दिखाई नहीं दिए। WWE ने पिछले कुछ महीनों में उनकी बुकिंग से काफी निराश किया है। वो आसानी से WWE में जबरदस्त तरीके से सफलता हासिल कर सकते हैं। हालांकि, उन्हें सही तरह से मौका ही नहीं दिया जा रहा है। कीथ ली के पास काफी टैलेंट है और WWE उन्हें आसानी से किसी भी स्टोरीलाइन में इस्तेमाल कर सकता है।

Raw के एपिसोड में WWE के पास पूर्व NXT चैंपियन का इस्तेमाल करने का समय था। अगर WWE कीथ ली को टॉप स्टार बनाना चाहता है तो उन्हें लगातार इस सुपरस्टार का इस्तेमाल टेलीविजन पर करना होगा। इससे ही कीथ ली का कद बढ़ेगा और वो टॉप स्टार बन पाएंगे।