Raw Timings Changed: WWE का यूरोप दौरा बढ़िया चल रहा है। Raw और SmackDown के शो को काफी सफलता मिल रही है। इसके अलावा लगातार लाइव इवेंट भी आयोजित हो रहे हैं। स्टार्स जहां भी जा रहे हैं वहां पर उन्हें फैंस चीयर कर रहे हैं। कोडी रोड्स और सीएम पंक (CM Punk) को तो खूब प्यार मिल रहा है। Raw का आगामी एपिसोड भी जबरदस्त होने वाला है। हालांकि, भारतीय फैंस को एक बार फिर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल रेड ब्रांड की टाइमिंग में बदलाव कर दिया गया है।
Raw का एपिसोड 24 मार्च (भारत में 25 मार्च) को लाइव आएगा। ये शो ग्लासगो में होने वाला है। यूरोपीय दौरे के कारण टाइम भी बदल रहा है। पिछले हफ्ते रेड ब्रांड की शुरुआत भारत में रात में 12.30 बजे से हुई थी। अब एक घंटा और आगे बढ़ जाएगा। इस हफ्ते Raw का प्रसारण रात में 1.30 बजे से होगा। आपको बता दें Netflix में आने की वजह से शो के अंत का टाइम पक्का नहीं होता है। टाइमिंग देखी जाए तो भारतीय फैंस को अपनी नींद खराब करनी पड़ सकती है। Raw का लाइव प्रसारण भारत के फैंस टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा Sportskeeda Hindi पर आप लाइव कमेंट्री का लुत्फ भी उठा सकते हैं।
WWE Raw में क्या-क्या होने वाला है?
WWE Raw का एपिसोड गजब का होने वाला है। एक बार फिर जॉन सीना और कोडी रोड्स का आमना-सामना होगा। ब्रॉन ब्रेकर और लायरा वैल्किरिया अपनी-अपनी चैंपियनशिप को डिफेंड करने वाले हैं। शो में नया चैंपियन भी देखने को मिल सकता है। जे उसो भी एक्शन में नज़र आएंगे। वो एक मिस्ट्री पार्टनर के साथ मिलकर ऑस्टिन थ्योरी और ग्रेसन वॉलर का सामना करेंगे। ड्रैगन ली और चैड गेबल के बीच भी तगड़ा मुकाबला होगा। बड़ी बात ये है कि सीएम पंक भी एंट्री करेंगे। WrestleMania 41 में उनका मैच रोमन रेंस और सैथ रॉलिंस के साथ तय किया गया है। SmackDown के एपिसोड में इनके बीच काफी बवाल हुआ था। फिलहाल सभी की नज़रें सीना और कोडी के सैगमेंट पर होंगी। इस बार दोनों के बीच ब्रॉल हो सकता है।