यशस्वी जायसवाल ने जड़ा IPL का सबसे तेज अर्धशतक, केएल राहुल का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा

Photo Courtesy : IPL Website and BCCI
Photo Courtesy : IPL Website and BCCI

राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के खिलाफ आईपीएल (IPL) इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया है। जायसवाल ने 50 रनों का आंकड़ा केवल 13 गेंदों पर छू लिया, जिसमें 7 चौके और 3 शानदार छक्के शामिल रहे। जायसवाल से पहले यह रिकॉर्ड केएल राहुल और पैट कमिंस के नाम था। राहुल ने आईपीएल 2018 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए 14 गेंदों पर अर्धशतक जमाया था। जबकि पैट कमिंस ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 14 गेंदों पर हाफ सेंचुरी जड़ी थी। लेकिन अब यह रिकॉर्ड 21 वर्षीय जायसवाल के नाम हो गया है।

यशस्वी जायसवाल ने पारी की पहली ही गेंद से प्रहार करना शुरू किया और नितीश राणा द्वारा डाले गए पहले ही ओवर में 26 रन कूट दिए। उन्होंने इस ओवर में 2 छक्के और 3 चौके जड़े उसके बाद। अगले 7 गेंदों पर उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी की 4 चौके व 1 छक्का और जड़ा। यशस्वी जायसवाल ने 13 गेंदों में 10 में बाउंड्री लगाई और 2 गेंदों पर सिंगल व एक गेंद पर डबल रन लिया। इस तरह से उन्होंने आईपीएल में इतिहास रचते हुए सबसे तेज अर्धशतक जमाया है।

आईपीएल 2023 में यशस्वी जायसवाल का शानदार प्रदर्शन जारी है सबसे ज्यादा रन बनाने की सूची में वह फ़िलहाल दूसरे नंबर पर चल रहे हैं। उनसे आगे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डू प्लेसी चल रहे हैं, जिन्होंने 11 मैचों में 576 रन बना लिए हैं। जायसवाल के नाम पर फ़िलहाल 530 से ऊपर रन हो गए हैं और अपनी इस पारी के दौरान वह फाफ के रिकॉर्ड को भी पार कर सकते हैं। जायसवाल ने इस आईपीएल सीजन में 4 अर्धशतक और 1 शानदार शतक लगाया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने 124 रनों की शानदार पारी खेली थी।

Quick Links

App download animated image Get the free App now