क्रिस गेल का आईपीएल रिकॉर्ड

Last Modified Mar 12, 2019 16:08 IST

सर्वाधिक निजी स्कोर का रिकॉर्ड

यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल ने साल 2013 में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया था जो आज तक कोई नहीं तोड़ा जा सका है। उन्होंने पुणे वॉरियर्स इंडिया के ख़िलाफ़ आईपीएल के एक मैच में 13 चौके और 17 छक्के की मदद से 175* रन की पारी खेली थी। ये आईपीएल ही नहीं सभी टी-20 इतिहास का सबसे बड़ा निजी स्कोर है। आईपीएल में अब तक सिर्फ़ 2 दफ़ा किसी खिलाड़ी ने 150 रन से ज़्यादा का स्कोर बनाया है। ब्रैंडन मैकलम ने आईपीएल के पहले सीजन के पहले मैच में 158 रन की पारी खेली थी।


आईपीएल इतिहास में सबसे ज़्यादा छक्के का रिकॉर्ड

क्रिस गेल ने आईपीएल में सबसे ज़्यादा छक्के लगाए हैं। उन्होंने आईपीएल के 112 मैच में 292 छक्के अपने नाम किए हैं। उनके इस रिकॉर्ड के आस-पास कोई भी खिलाड़ी फटक नहीं पाया है। सबसे ज़्यादा संख्या में छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर एबी डीविलियर्स हैं जिन्होंने आईपीएल के 141 मैच में 186 छक्के लगाए हैं। एमएस धोनी ने भी 186 छक्के लगाए हैं, लेकिन इसके लिए उन्होंने 175 मैच खेला है। अभी गेल के आगे निकलने में किसी भी खिलाड़ी को कई साल लग जाएंगे, क्योंकि गेल अब भी आईपीएल का हिस्सा हैं।


आईपीएल की एक पारी में सबसे ज़्यादा छक्के का रिकॉर्ड

क्रिस गेल ने ये रिकॉर्ड अपनी 175 रन की पारी के दौरान ही बनाया था। उन्होंने पुणे वॉरियर्स इंडिया के ख़िलाफ़ बैंगलौर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 17 छक्के लगाए थे। दूसरे नंबर पर ब्रैंडन मैक्कलम और क्रिस गेल हैं, दोनों ही खिलाड़ियों ने एक मैच में 13-13 छक्के लगाए थे। गेल ने दिल्ली के फ़िरोज़शाह कोटला मैदान में डेक्कन चार्जर्स के ख़िलाफ़ 13 छक्के जड़े थे। एक पारी में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 10 खिलाड़ियों में क्रिस गेल का नाम 4 दफ़ा शामिल है।


आईपीएल में सबसे ज़्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड

क्रिस गेल एक विस्फोटक खिलाड़ी हैं, उन्होंने आईपीएल में कई लंबी पारियां खेली हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक बनाया है, ये रिकॉर्ड अब तक बरक़रार है। दूसरे नंबर पर विराट कोहली और शेन वॉटसन हैं दोनों ही खिलाड़ियों ने 4-4 शतक लगाए हैं। विराट कोहली से उम्मीद है को वो इस रिकॉर्ड को तोड़ देंगे, हांलाकि गेल अब भी आईपीएल खेल रहे हैं। गेल आज भी अपने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने की ताक़त रखते हैं।


सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड

ये रिकॉर्ड भी क्रिस गेल ने अपने 175 रन की पारी के दौरान ही बनाया था। हांलाकि ये पारी खेलने के लिए गेल ने 66 गेंद का सामना किया था, लेकिन उन्होंने महज़ 30 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया था। ये क्रिकेट इतिहास में दर्ज सबसे तेज़ शतक है। वनडे में सबसे तेज़ शतक दक्षिण अफ़्रीका के एबी डीविलियर्स ने बनाया था। उन्होंने साल 2015 में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ महज़ 31 गेंद में शतक लगाया था।