IPL 2024 में कल का मैच किसने जीता ?

यशस्वी जायसवाल और हार्दिक पांड्या (Photo Credit - BCCI)
यशस्वी जायसवाल और हार्दिक पांड्या (Photo Credit - BCCI)

RR vs MI : आईपीएल 2024 में सोमवार को राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला गया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने बेहद आसानी के साथ मुंबई इंडियंस को 9 विकेट से बुरी तरह हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 179 रनों का विशाल स्कोर बनाया। राजस्थान रॉयल्स ने इस टार्गेट को यशस्वी जायसवाल के बेहतरीन शतक की बदौलत 18.4 ओवर में ही सिर्फ 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही राजस्थान रॉयल्स के अब 14 अंक हो गए हैं और प्लेऑफ में उनकी जगह लगभग तय हो गई है। जबकि दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

इससे पहले मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीता और बैटिंग करने का फैसला किया जो पूरी तरह से गलत साबित हुआ। महज 20 रन तक ही रोहित शर्मा, इशान किशन और सूर्यकुमार यादव जैसे दिग्गज पवेलियन लौट गए। मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा और नेहाल वाढेरा ने पारी को संभाला। इन दोनों ने 99 रनों की साझेदारी पांचवें विकेट के लिए की। तिलक वर्मा ने 45 गेंद पर 65 और वाढेरा ने 24 गेंद पर 49 रन बनाए। इसी वजह से मुंबई की टीम 179 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से संदीप शर्मा ने सिर्फ 18 रन देकर 5 विकेट चटकाए।

यशस्वी जायसवाल ने शतक लगाकर राजस्थान रॉयल्स को दिलाई जीत

टार्गेट का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने जबरदस्त शुरुआत दी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 7 ओवरों में 74 रनों की बेहतरीन साझेदारी की। जोस बटलर ने 25 गेंद पर 35 रन बनाए। बटलर के आउट होने के बाद यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन ने मिलकर राजस्थान रॉयल्स को जीत दिला दी। यशस्वी जायसवाल ने 60 गेंद पर 9 चौके और 7 छक्के की मदद से 104 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं सैमसन 28 गेंद पर 38 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई इंडियंस की फील्डिंग इस मैच में काफी खराब रही। उन्होंने यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन दोनों के कैच छोड़े और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा।

Quick Links