Players who hit 5 Sixes in an over in IPL: फैंस द्वारा आईपीएल को पसंद किए जाने की सबसे बड़ी वजह, इसमें लगने वाले चौके-छक्के हैं। इस इवेंट में हिस्सा लेने वाले हर बल्लेबाज की कोशिश पहली ही गेंद से गेंद को सीमा रेखा से बाहर भेजने की होती है। कई बल्लेबाज ये कारनामा करने में सफल भी होते हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 53वें मैच में रियान पराग ने 45 गेंदों पर 95 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने एक ओवर में लगातार 5 छक्के लगाने का कारनामा भी किया। इसी के साथ रियान उन 5 बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने आईपीएल में एक ओवर में 5 छक्के ठोके हैं। इस आर्टिकल में हम आपको उन पांचों बल्लेबाजों के बारे में बताएंगे, जो ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
5. रियान पराग बनाम मोइन अली (2025)
आईपीएल 2025 के 53वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स की टक्कर हुई। इसमें केकेआर ने राजस्थान को जीतने के लिए 207 रन का टारगेट दिया था। लेकिन RR 1 रन से चूक गई थी। इस रन चेज के दौरान रियान ने कमाल की बल्लेबाजी की और 45 गेंदों पर 6 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 95 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान रियान ने मोइन अली के ओवर में लगातार पांच छक्के लगाए। इसके बाद उन्होंने अगले ओवर की पहली गेंद पर भी छक्का जमाया था। रियान पहले ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने आईपीएल में लगातार 6 गगनचुंबी छक्के लगाए हैं।
4. रिंकू सिंह बनाम यश दयाल (2023)
केकेआर के धाकड़ बल्लेबाज रिंकू सिंह भी इस लिस्ट में शामिल हैं। रिंकू ने आईपीएल के 16वें सीजन में गुजरात टाइटंस के विरुद्ध हुए मैच में यश दयाल के ओवर की आखिरी पांचों गेंदों पर बड़ा प्रहार करते हुए 5 छक्कों की मदद से 30 रन बटोरे थे। रिंकू की वो तूफानी पारी आज भी फैंस को अच्छे से याद है।
3. रवींद्र जडेजा बनाम हर्षल पटेल (2021)
आईपीएल 2021 का 19वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया था। इस मैच में चेन्नई ने रवींद्र जडेजा की 28 गेंदों पर खेली 62* रन की आतिशी पारी की मदद से 69 रन से जीत हासिल की थी। अपनी इस पारी के दौरान जड्डू ने हर्षल पटेल के स्पेल के आखिरी ओवर में 5 गगनचुंबी छक्के लगाए थे।
2. राहुल तेवतिया बनाम शेल्डन कॉटरेल (2020)
IPL 2025 में गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे राहुल तेवतिया इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर काबिज हैं। उनके बल्ले से एक ओवर में 5 छक्के आईपीएल 2020 के नौवें मैच देखने को मिले थे, जो कि राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच हुआ था। इस मैच को RR ने 4 विकेट से जीता था। तेवतिया ने 31 गेंदों पर 7 छक्कों की मदद से 53 रन की पारी खेली थी।
1. क्रिस गेल बनाम राहुल शर्मा (2012)
इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे पहले 1 ओवर में 5 छक्के जड़ने का कारनामा क्रिस गेल ने करके दिखाया था। आरसीबी के इस पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज ने आईपीएल के 5वें सीजन में PW के गेंदबाज राहुल शर्मा की जमकर धुनाई की थी और एक ओवर में 5 छक्के ठोके थे। गेल ने अपनी 85 रन की पारी में 4 चौके और 7 छक्के जमाए थे।