Bianca Belair Elimination Chamber Winner: WWE Elimination Chamber 2025 की शुरूआत विमेंस एलिमिनेशन चैंबर मैच के जरिए हुई। इस मुकाबले की शुरूआत में जेड कार्गिल (Jade Cargill) ने चौंकाने वाली वापसी करके नेओमी पर खतरनाक हमला करके उनकी हालत खराब कर दी। इस वजह से नेओमी बिना मैच लड़े ही एलिमिनेट हो गईं। मुकाबले में बाकी सुपरस्टार्स के बीच जबरदस्त एक्शन देखने को मिला और अंत में रिंग में केवल बियांका ब्लेयर (Bianca Belair) और लिव मॉर्गन बची रह गईं। इसके बाद बियांका ने लिव को KOD देकर पिन करते हुए मैच जीत लिया। इस आर्टिकल में हम ऐसे 3 कारणों का जिक्र करने वाले हैं कि क्यों WWE सुपरस्टार बियांका ब्लेयर 2025 विमेंस Elimination Chamber विजेता बनीं।
3- बियांका ब्लेयर 2025 विमेंस Elimination Chamber मैच में शामिल सबसे ताकतवर WWE सुपरस्टार थीं
2025 विमेंस Elimination Chamber मैच में बियांका ब्लेयर के अलावा नेओमी, लिव मॉर्गन, राक्सेन परेज़, एलेक्सा ब्लिस और बेली ने हिस्सा लिया था। ये सभी बेहतरीन रेसलर्स हैं। हालांकि, इनमें से कोई भी सुपरस्टार बियांका जितनी ताकतवर नहीं हैं। अगर ब्लेयर की बात की जाए तो वो Elimination Chamber मैच के दौरान अपनी ताकत का इस्तेमाल करके दूसरे सुपरस्टार्स को डॉमिनेट करती हुई दिखाई दीं और उन्होंने प्रतिद्वंदियों को खुद पर हावी होने के ज्यादा मौके नहीं दिए। शायद यही कारण है कि बियांका ब्लेयर 2025 विमेंस एलिमिनेशन चैंबर विजेता बनने में कामयाब रही हैं।
2- बियांका ब्लेयर को WWE में सिंगल्स स्टार के रूप में बड़ा पुश देने के लिए
इस बात में कोई शक नहीं है बियांका ब्लेयर ताकतवर होने के साथ-साथ बेहतरीन रेसलर भी हैं। हालांकि, बियांका को काफी लंबे समय से विमेंस टैग टीम डिवीजन में रखा जा रहा था। ब्लेयर पहले जेड कार्गिल के साथ टैग टीम डिवीजन का हिस्सा थीं और वो पिछले कुछ महीनों में नेओमी के साथ टीम के रूप में काम कर रही थीं। देखा जाए तो बियांका ब्लेयर फैंस के बीच काफी लोकप्रिय हैं और उन्हें हमेशा के लिए टैग टीम डिवीजन में रखना सही नहीं रहता। शायद यही कारण है कि WWE ने बियांका ब्लेयर को 2025 विमेंस Elimination Chamber विजेता बनाकर सिंगल्स स्टार के रूप में उन्हें एक बार फिर बड़ा पुश देने की शुरूआत कर दी है।
1- रिया रिप्ली को WWE WrestleMania 41 में तगड़ा चैलेंजर देने के लिए
2025 विमेंस Elimination Chamber मैच के विजेता को WrestleMania 41 में रिया रिप्ली के खिलाफ विमेंस वर्ल्ड चैंपियनशिप मैच मिलने वाला है। देखा जाए तो रिया काफी ताकतवर सुपरस्टार हैं और रेसलर्स के लिए उन्हें हरा पाना काफी मुश्किल काम है। WWE शायद रिप्ली को ऐसा चैलेंजर नहीं देना चाहती थीं जिससे WrestleMania में विमेंस वर्ल्ड चैंपियनशिप मैच प्रेडिक्टबेल बन जाए। देखा जाए तो बियांका ब्लेयर WWE में रिया रिप्ली के टक्कर की सुपरस्टार हैं और वो रिया से टाइटल जीतने की क्षमता रखती हैं। यह बियांका को 2025 Elimination Chamber विजेता बनाने के पीछे बड़ी वजह हो सकती है।