Bianca Belair Wins Elimination Chamber Match: WWE Elimination Chamber 2025 की शुरुआत विमेंस चैंबर मैच से हुई। जेड कार्गिल ने वापसी कर सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने नेओमी का बुरा हाल किया। मुकाबले में मौजूद अन्य सभी स्टार्स ने अपने एक्शन से खूब वाहवाही लूटी। अंत में बियांका ब्लेयर (Bianca Belair) ने लिव मॉर्गन को पिन करते हुए मैच में जीत हासिल की। उन्होंने अपने करियर में दूसरी बार चैंबर मैच जीतकर इतिहास रच दिया है। वो ये मुकाम प्राप्त करने वालीं पहली महिला बन गई हैं। उन्होंने अन्य पांच स्टार्स का सपना तोड़ दिया है।
मुकाबले में लिव मॉर्गन, एलेक्सा ब्लिस, बेली, रॉक्सेन परेज़, बियांका ब्लेयर और नेओमी ने हिस्सा लिया। जेड कार्गिल ने शुरू में ही अचानक वापसी कर सभी को चौंका दिया था। उन्होंने नेओमी के ऊपर अटैक किया, जिस वजह से वो बिना मैच लड़े ही एलिमिनेट हो गईं। मॉर्गन और बियांका ने मुकाबला इसके बाद जारी रखा। दोनों ने रिंग में अपनी खूब ताकत दिखाई।
मैच में मौजूद सभी स्टार्स ने जीत के लिए अपनी सारी हदें पार कीं। बेली से काफी उम्मीदें थीं लेकिन वो जल्दी एलिमिनेट हो गईं। रॉक्सन परेज़ ने भी मुकाबले में कुछ तगड़े मूव्स लगाए। हालांकि, उन्हें एलेक्सा ब्लिस ने एलिमिनेट कर दिया। ब्लिस बहुत ही अलग अंदाज में इस मैच में नज़र आईं लेकिन उन्हें मॉर्गन की चतुराई का शिकार होना पड़ा। मॉर्गन ने उन्हें रोलअप करते हुए बाहर का रास्ता दिखाया।
मुकाबले के अंत में बियांका ब्लेयर और लिव मॉर्गन रिंग में मौजूद थीं। दोनों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। ब्लेयर का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। अंत में उन्होंने लिव को KOD लगाया और पिन करते हुए इस मैच को जीत लिया। हार के बाद मॉर्गन बहुत ज्यादा निराश नज़र आईं।
WWE WrestleMania 41 में बियांका ब्लेयर का किसके साथ होगा मुकाबला?
WrestleMania 41 में बियांका ब्लेयर को अब विमेंस वर्ल्ड चैंपियनशिप मैच मिल गया है। Raw के आगामी एपिसोड में रिया रिप्ली अपने टाइटल को इयो स्काई के खिलाफ डिफेंड करने वाली हैं। वहां पर जिसकी भी जीत होगी उसके साथ ब्लेयर का मैच फिक्स हो जाएगा। ब्लेयर को इस बार बड़ी सफलता मिली है। अब उनके पास चैंपियन बनने का सुनहरा मौका आ गया है। वैसे उनकी जीत की उम्मीद इस बार बहुत कम लोगों ने लगाई थी। मुकाबले से पहले लग रहा था कि ब्लिस बाजी मारेंगी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।