4 WWE सुपरस्टार्स जिन्होंने आजतक भारत में कोई मैच नहीं लड़ा है

जॉन सीना और ब्रॉक लैसनर
जॉन सीना और ब्रॉक लैसनर

जब भी दुनिया में WWE के सबसे बड़े मार्केट्स की बात की जाती है तो उनमें भारत का नाम भी सबसे ऊपर के स्थानों पर लिया जाता है। प्रो रेसलिंग और खासतौर पर भारत में WWE के करोड़ों फैंस मौजूद हैं, जो एक भी शो को कभी मिस नहीं करते। इसी फैनबेस के कारण भारतीय युवा भी प्रो रेसलिंग को अपना करियर बनाने का सपना देखने लगे हैं।

पिछले कई सालों से WWE भारत में अपने पैर पसारने की कोशिश करती दिखाई दी है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण इस साल 26 जनवरी को WWE सुपरस्टार स्पेक्टेकल (Superstar Spectacle) का आयोजन रहा, जिसमें कई उभरते हुए भारतीय रेसलर्स के अलावा शार्लेट (Charlotte), एजे स्टाइल्स (AJ Styles) और ड्रू मैकइंटायर (Drew Mcintyre) ने भी परफॉर्म किया।

इनके अलावा भी कई दिग्गज सुपरस्टार्स को भारतीय फैंस अपना हीरो मानते हैं, लेकिन आज तक उन्होंने भारत में हुए किसी इवेंट में परफॉर्म नहीं किया है। इस आर्टिकल में आइए जानते हैं उन 4 बड़े WWE सुपरस्टार्स के बारे में जिन्होंने आज तक भारत में कोई मैच नहीं लड़ा है।

WWE दिग्गज जॉन सीना

जॉन सीना पिछले 2 दशकों से प्रो रेसलिंग इंडस्ट्री से जुड़े रहे हैं और अपने करियर में 16 बार WWE चैंपियन रहे हैं। उन्होंने अपना अधिकांश करियर बेबीफेस कैरेक्टर में रहते गुजारा है, इसलिए छोटे बच्चों से लेकर वयस्कों तक, काफी फैंस आज भी उन्हें अपना हीरो मानते हैं। भारत में उन्हें करोड़ों लोग प्यार करते हैं लेकिन WWE ने आज तक उन्हें भारत में हुए किसी लाइव इवेंट में परफॉर्म करने का अवसर प्रदान नहीं किया है।

उनकी लोकप्रियता ही इतनी है कि उनका मात्र एक बार भारत में हुए किसी प्रो रेसलिंग इवेंट में नजर आना ही भारत में प्रो रेसलिंग को बढ़ावा दे सकता है। वो कई बार भारत के त्योहारों पर भारतीय लोगों को बधाई देते रहे हैं, लेकिन यहां के फैंस आज तक अपने पसंदीदा प्रो रेसलर को अपने देश में परफॉर्म करते हुए नहीं देख पाए हैं।

द अंडरटेकर

द अंडरटेकर
द अंडरटेकर

द अंडरटेकर का प्रो रेसलिंग यूनिवर्स में एक अलग रुतबा है और पिछले साल ही उन्होंने अपने इन रिंग करियर को अलविदा कहा है। 30 साल लंबे WWE करियर में उन्होंने बहुत नाम कमाया है और आज उनका नाम प्रो रेसलिंग इतिहास के सबसे सम्मानित रेसलर्स में लिया जाता है।

द डेड मैन की फैन फॉलोइंग करोड़ों में है और भारत में भी लोग उन्हें बहुत पसंद करते हैं। आपको याद दिला दें कि द ग्रेट खली को बड़ा सुपरस्टार बनने में अंडरटेकर ने ही मदद की थी। उस समय अगर दोनों के बीच भारत के किसी इवेंट में मैच हुआ होता, तो आज भारतीय प्रो रेसलिंग सीन नई ऊंचाइयों को छू रहा होता।

गोल्डबर्ग

WWE हॉल ऑफ फेमर गोल्डबर्ग की गिनती आज सबसे लोकप्रिय प्रो रेसलर्स में की जाती है। 2016 में WWE में वापसी से पहले उन्होंने केवल 1 साल (2003-2004) तक विंस मैकमैहन के प्रोमोशन में काम किया था। लेकिन उन्हें अपने WCW के दिनों में ही अच्छी पहचान प्राप्त हो चुकी थी।

2016 में उनकी WWE में वापसी के बाद उनके भारतीय फैंस की संख्या में काफी इजाफा देखा गया है। गोल्डबर्ग भी भारतीय लोगों द्वारा मिलने वाले प्यार से अच्छी तरह वाकिफ हैं, लेकिन आज तक उन्हें भारत में कोई मैच लड़ने का अवसर नहीं मिल पाया है।

ब्रॉक लैसनर

ब्रॉक लैसनर
ब्रॉक लैसनर

हम सभी इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हैं कि ब्रॉक लैसनर रिंग में उतरते ही अपने विरोधी की पीट-पीटकर बुरी हालत कर देते हैं। अपने करियर में अधिकांश समय एक हील सुपरस्टार का किरदार निभाते आए हैं, इसके बावजूद दुनिया में उनके करोड़ों फैंस मौजूद हैं, जो हर बार उनके एंट्रेंस म्यूजिक को सुनकर झूम उठते हैं। लैसनर एक ग्लोबल सुपरस्टार हैं और और उनका भारतीय फैनबेस भी बहुत अच्छा है, इसके बावजूद वो कभी भारत में हुए इवेंट में परफॉर्म करते नजर नहीं आए हैं।

Quick Links