Roman Reigns Reacts WWE Return: WWE Raw में रोमन रेंस (Roman Reigns) ने वापसी कर हाहाकार मचा दिया है। उन्होंने सैथ रॉलिंस और सीएम पंक के ऊपर खतरनाक अटैक किया। रॉलिंस को उन्होंने ज्यादा निशाना बनाया। फैंस रेंस की एंट्री देखकर बहुत खुश हुए। वैसे उनकी वापसी की उम्मीद पहले से जताई जा रही थी। रेंस ने भी किसी को निराश नहीं किया और अपने ही अंदाज में दुश्मनों की बैंड बजा दी। खैर मैडिसन स्क्वायर गार्डन में खलबली मचाने के बाद उनकी पहली प्रतिक्रिया सामने आ गई है।
Raw के मेन इवेंट में सीएम पंक और सैथ रॉलिंस के बीच स्टील केज मैच हुआ था। दोनों ने बढ़िया मुकाबला सभी को दिया। रोमन रेंस ने अचानक अंत में आकर रॉलिंस को रिंग से बाहर खींच दिया। इस कारण से सैथ को जीत मिल गई। हालांकि, इसके बाद उनकी हालत खराब हो गई। रेंस ने उन्हें सुपरमैन पंच, स्पीयर और स्टॉम्प लगाया। रेंस उन्हें और धराशाई करना चाहते थे लेकिन ऑफिशियल्स ने मामला संभाल लिया। रोमन ने फिर रिंग में सीएम पंक को शानदार स्पीयर लगाया, जिसे देखकर पॉल हेमन हैरानी में पड़ गए।
खैर रोमन रेंस ने अब सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देकर बड़ा ऑर्डर दे दिया है। उन्होंने पॉल हेमन के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। रेंस ने कैप्शन में लिखा,
मैडिसन स्क्वायर गार्डन। WWE इतिहास के सबसे बड़े बॉक्स ऑफिस आकर्षण और उनके वाइजमैन को एक्नॉलेज करें।
WWE Raw में सीएम पंक की हुई हार
सीएम पंक और सैथ रॉलिंस की राइवलरी बहुत लंबे समय से चल रही है। दोनों के बीच इस बार दूसरा मुकाबला हुआ था। इससे पहले सैथ और रॉलिंस की टक्कर Raw Netflix डेब्यू शो में हुई थी। वहां पर पंक ने जीत हासिल की थी। स्टील केज मैच में सैथ ने बाजी मारी। हालांकि, पंक को कहीं ना कहीं रोमन रेंस की वजह से हार का सामना करना पड़ा। एक बात की तारीफ करनी होगी कि पंक और रॉलिंस ने बहुत ही सुंदर मुकाबला पेश किया। दोनों ने अपने तगड़े मूव्स से सभी को चौंका दिया था। अब इनकी आगे की स्टोरी मजेदार हो गई है। देखना होगा कि सीएम और सैथ का रोमन को लेकर अगला कदम क्या होगा।