जन्म स्थान
न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन जेम्स गप्टिल का जन्म 30 सितंबर 1986 को ऑकलैंड में हुआ था। उनका उपनाम मार्टी टु टोज है। इसकी वजह यह है कि उन्होंने बचपन में अपनी तीन अंगुलियां गवां दी थीं।
कॉलेज से लेकर अंडर-19 विश्वकप टीम के लिए रहे बेहतरीन खिलाड़ी
गप्टिल स्कूल के एक कुशल क्रिकेटर थे। उन्होंने अपनी कॉलेज टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया। उन्हें 2006 में श्रीलंका में हुए अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। वह न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेट में ऑकलैंड एसेस की तरफ से खेलते हैं।
वनडे डेब्यू में जड़ा शतक
गप्टिल ने अपना वनडे डेब्यू 2009 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था। अपने वनडे डेब्यू में गप्टिल शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी बने। उस मैच में उन्होंने 122 रनों का स्कोर किया था। उनका टेस्ट डेब्यू उसी साल हैमिल्टन में भारत के खिलाफ हुआ था।
विश्व कप में बनाया सर्वाधिक निजी स्कोर का कीर्तिमान
2013 में इंग्लैंड दौरे के दौरान मार्टिन गप्टिल ने लगातार दो वनडे शतक बनाए थे। उनके प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड लगातार तीसरी वनडे सीरीज जीतने में कामयाब रहा। गप्टिल ने पहले नाबाद 103 रन बनाए, फिर दो दिन बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार 189 रन बनाए। 2015 विश्वकप में गप्टिल ने क्वार्टर फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 163 गेंदों पर 237 रन बनाकर इतिहास रच दिया था। ये वर्ल्ड कप इतिहास में किसी भी बल्लेबाज की सर्वश्रेष्ठ पारी है। उन्होंने 11 छक्कों और 24 चौकों की मदद से यह कीर्तिमान स्थापित किया।
आईपीएल में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब का रहे हिस्सा
गप्टिल 2006 से ऑकलैंड एसेस के लिए खेल रहे हैं। 2011 में वह इंग्लैंड में डर्बीशायर का हिस्सा बने। वह इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब का हिस्सा रह चुके हैं।
रिकॉर्ड्स
मार्टिन गप्टिल वनडे क्रिकेट में तीन बार 180 से ज्यादा का स्कोर बना चुके हैं और ऐसा करने वाले वो न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी हैं। इसके अलावा उनके नाम न्यूजीलैंड के लिए सबसे तेज 17 गेंदों में अर्धशतक बनाने का भी रिकॉर्ड है। वो डे-नाइट टेस्ट मैच में पिंक गेंद का सामना करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं। इसके साथ ही वो डे-नाइट टेस्ट मैच में गुलाबी गेंद से आउट होने वाले भी पहले क्रिकेटर हैं।