Create
  • Sports News
  • Hindi Cricket News
  • India vs England 2025
  • IND vs ENG 2nd Test Day 2 Highlights: आकाशदीप और सिराज के कहर के बाद रूट और ब्रूक डटे, दूसरे दिन के अंत तक इंग्लैंड का स्कोर 77/3

IND vs ENG 2nd Test Day 2 Highlights: आकाशदीप और सिराज के कहर के बाद रूट और ब्रूक डटे, दूसरे दिन के अंत तक इंग्लैंड का स्कोर 77/3

By Sportskeeda Desk | Last ModifiedJul 03, 2025 23:13 IST

India vs England 2nd Test: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच बर्मिंघम में खेला जा रहा है। इस मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। पूरे दिन का हाल जानने के लिए हमारे ब्लॉग पर क्लिक करें।

topic-thumbnail

23:13 (IST)3 JUL 2025

शुभ रात्रि, कल फिर होगी मुलाकात

एजबेस्टन टेस्ट के दूसरे दिन की हमारी लाइव कवरेज से जुड़ने के लिए आपका धन्यवाद। हम तीसरे दिन के पल-पल की अपडेट लेकर फिर कल आपके साथ जुड़ेंगे। शुभ रात्रि। 

23:11 (IST)3 JUL 2025

ऐसा रहा एजबेस्टन टेस्ट का दूसरा दिन

भारत ने दूसरे दिन दो सेशन से थोड़ा अधिक बल्लेबाजी करते हुए अपने 310 के स्कोर में 277 रन और जोड़े। कप्तान शुभमन गिल ने 269 रनों की शानदार पारी खेली। रवींद्र जडेजा 89 रन बनाकर अपना शतक चूक गए। शोएब बशीर ने इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। जवाब में इंग्लैंड ने तीन विकेट काफी कम अंतराल में गंवा दिए थे। आकाशदीप ने लगातार गेंदों पर बेन डकेट और ओली पोप को आउट किया। मोहम्मद सिराज ने फिर जैक क्रॉली को आउट किया। तीन विकेट केवल 25 के स्कोर पर गिर जाने के बाद जो रूट और हैरी ब्रूक ने अविजित 52 रनों की साझेदारी करके इंग्लैंड की वापसी कराई है।

23:06 (IST)3 JUL 2025

510 रनों से पीछे है इंग्लैंड

ब्रूक और रूट के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। जडेजा से दो ओवर कराए गए जिसमें उन्होंने रन तो रोका, लेकिन विकेट नहीं दिला सके। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने 77/3 का स्कोर बनाया है। अभी भी वे 510 रनों से पीछे चल रहे हैं।

22:49 (IST)3 JUL 2025

भारत ने दोनों छोर से किया बदलाव

14 ओवर के बाद भारत ने गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव किया है। एक छोर से प्रसिद्ध कृष्णा और दूसरे छोर से नीतीश कुमार रेड्डी को लाया गया है। कृष्णा ने अपने पहले ओवर में पांच और रेड्डी ने एक रन खर्च किया है।

22:42 (IST)3 JUL 2025

इंग्लैंड तेजी से बटोर रहा रन

इंग्लैंड को अब तेजी से रन मिलने लगे हैं। पिछले दो ओवर में उन्होंने 11 रन बटोर लिए हैं और इन दो बल्लेबाजों को कोई परेशानी होती नहीं दिख रही है। दोनों के बीच साझेदारी लगातार आगे बढ़ रही है। 14 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 61/3

22:30 (IST)3 JUL 2025

ब्रूक ने सिराज को मारा लंबा छक्का

आकाशदीप का एक और महंगा ओवर आया है जिसमें अतिरिक्त रनों को जोड़कर कुल नौ रन इंग्लैंड को मिले हैं। इसके बाद ब्रूक ने सिराज के खिलाफ कदमों का इस्तेमाल करके लांग ऑफ के बाहर छक्का मारा। ये साझेदारी इंग्लैंड की स्थिति को धीरे-धीरे संभाल रही है। 12 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 50/3

22:16 (IST)3 JUL 2025

ब्रूक को अंपायर्स कॉल ने बचाया

सिराज की गेंद पर हैरी ब्रूक को करीबी मामले में जीवनदान मिल गया है। पैड पर लगी गेंद को मैदानी अंपायर ने नॉट आउट करार दिया था। भारत ने रिव्यू मांगा जिसमें गेंद गिल्लियों से टकरा रही थी। हालांकि, अंपायर्स कॉल ने बल्लेबाज को बचा लिया। 10 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 33/3

22:01 (IST)3 JUL 2025

जैक क्रॉली बने सिराज का शिकार

मोहम्मद सिराज ने भी अपने विकेटों का खाता खोलते हुए जैक क्रॉली को 19 के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया है। करुण नायर ने स्लिप में शानदार कैच लेकर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। अब अंग्रेज टीम मुश्किल में नजर आ रही है। इससे पहले आकाशदीप ने बैक टू बैक दो झटके इंग्लैंड को दिए थे।

इंग्लैंड का स्कोर 7.2 ओवर 25 (3)

21:50 (IST)3 JUL 2025

भारतीय गेंदबाजों ने कसा शिकंजा

भारतीय बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने भी धाकड़ शुरुआत की है। पहले ओवर में 12 रन देने के बाद आकाशदीप ने अंग्रेजों को मुश्किल में डाल दिया है। दूसरे छोर से सिराज भी शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। इंग्लैंड के लिए क्रीज पर जैक क्रॉली और जो रूट मौजूद हैं।

इंग्लैंड का स्कोर 5 ओवर 16 (2)

21:40 (IST)3 JUL 2025

आकाशदीप का डबल धमाल

आकाशदीप ने कमाल करते हुए इंग्लैंड को एक के बाद एक दो बड़े झटके दे दिए हैं। पहले उन्होंने बेन डकेट को शून्य पर आउट किया था। फिर पहली ही गेंद पर उन्होंने उपकप्तान ओली पोप को भी गोल्डन डक पर अपना शिकार बनाया। केएल राहुल ने स्लिप में इस बार शानदार कैच लपका।

इंग्लैंड का स्कोर 3 ओवर 13 (2)

21:38 (IST)3 JUL 2025

बेन डकेट बिना खाता खोले आउट

आकाशदीप ने अपने दूसरे ओवर में ही भारत को पहली सफलता दिला दी है। पहले ओवर में वह लय से भटकते नजर आए। लेकिन दूसरे ओवर में उन्होंने बेन डकेट को शून्य के स्कोर पर कप्तान शुभमन गिल के द्वारा स्लिप में कैच आउट करवाया। कप्तान ने शानदार कैच पकड़ा। इंग्लैंड को 13 पर पहला झटका लगा।

21:33 (IST)3 JUL 2025

सिराज ने दूसरी छोर से संभाला मोर्चा

आकाशदीप का पहला ओवर लय से भटका हुआ नजर आया। वहीं दूसरी तरफ से मोहम्मद सिराज ने गेंदबाजी का जिम्मा संभाला। पहले ओवर में 12 रन गए थे। वहीं सिराज ने दूसरे ओवर में 1 रन देकर अपनी गेंदबाजी का आगाज किया। वह अच्छी लय में फिलहाल नजर आए हैं।

21:28 (IST)3 JUL 2025

आकाशदीप पहले ओवर में लय से भटके

इंग्लैंड ने भारत के 587 रन के जवाब में मेजबान टीम की पारी का आगाज हो गया है। दोनों इंग्लिश ओपनर जैक क्रॉली और बेन डकेट ने बैजबॉल अंदाज में ही पारी की शुरुआत की। नई बॉल लेकर पहला ओवर करने आए आकाशदीप लय से भटके हुए नजर आए। बुमराह की जगह लेने वाले इस गेंदबाज ने पहले ओवर में ही 12 रन लुटा दिए। इस तरह क्रॉली को अच्छी शुरुआत मिली।

21:12 (IST)3 JUL 2025

587 पर समाप्त हुई भारतीय पारी

बशीर ने भारतीय पारी का अंत 587 के स्कोर पर कर दिया है। आगे निकलकर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में सिराज स्टंपिंग हुए हैं। गिल ने 269 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर भारत को पहली पारी में इतना बड़ा स्कोर बनाने में अहम भूमिका निभाई। रवींद्र जडेजा के 89, यशस्वी जायसवाल के 87 और वाशिंगटन सुंदर के 42 रनों ने भी काफी अहम योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए बशीर ने सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए।

21:08 (IST)3 JUL 2025

सिराज और कृष्णा ने जारी रखी लड़ाई

सिराज और कृष्णा भारत को 600 के आंकड़े के पास ले जाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। दोनों के बीच दहाई के आंकड़े में साझेदारी हो चुकी है। फिलहाल भारत का स्कोर 585/9 है।

20:52 (IST)3 JUL 2025

आकाशदीप को शोएब बशीर ने बनाया अपना शिकार

आकाशदीप 6 रन बनाकर हुए आउट। शोएब बशीर के खिलाफ बड़े शॉट का प्रयास लेकिन लॉन्ग ऑन पर लपके गए। भारत ने 574 के स्कोर पर ही अपना नौवां विकेट भी खो दिया है। 

20:48 (IST)3 JUL 2025

शुभमन गिल की मैराथन पारी का जोश टंग ने किया अंत

भारतीय कप्तान शुभमन गिल अपने करियर का पहला तिहरा शतक बनाने से चूक गए और 387 गेंदों पर 269 रन बनाकर आउट हुए। जोश टंग की शॉर्ट गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में गिल ने स्क्वायर लेग पर खड़े ओली पोप को एक आसान सा कैच थमा दिया। इस तरह भारत को 574 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। 

20:43 (IST)3 JUL 2025

शुभमन गिल ने फर्स्ट क्लास में बनाया अपना हाईएस्ट स्कोर

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने 269वां रन बनाते ही फर्स्ट क्लास में अपना हाईएस्ट स्कोर रिकॉर्ड कर लिया है। इससे पहले उन्होंने तमिलनाडु के खिलाफ 268 रनों की पारी खेली थी। 

20:38 (IST)3 JUL 2025

चाय के बाद खेल दोबारा शुरू हुआ

तीसरे सत्र की शुरुआत हो चुकी है और आकाशदीप ने जोश टंग की गेंद पर चौका लगाकर अपना खाता खोला है। 

20:29 (IST)3 JUL 2025

एजबेस्टन टेस्ट के दूसरे दिन का दूसरा सत्र हुआ समाप्त

भारत ने दूसरे सेशन का भी जमकर लाभ लिया है और इसे भी अपने नाम किया है। 31 ओवर में 145 रन और सिर्फ 1 विकेट खोकर भारत ने इंग्लैंड पर काफी दबाव बना दिया है। कप्तान शुभमन गिल ने लंच के बाद भी कमाल की बल्लेबाजी की और 250 का आंकड़ा पार करने में कामयाब रहे। उन्हें वाशिंगटन सुंदर (42) का अच्छा साथ मिला और दोनों ने शतकीय साझेदारी कर स्कोर को 550 के पार पहुंचा दिया। चाय के समय भारत ने 564/7 का स्कोर बना लिया था। गिल 265 रन बनाकर डटे हुए हैं और उनके साथ आकाशदीप मौजूद हैं। 

20:13 (IST)3 JUL 2025

वाशिंगटन सुंदर की पारी का जो रुट ने किया अंत

जो रुट ने इंग्लैंड के लिए विकेट का सूखा खत्म किया और वाशिगंटन सुंदर को एक बेहतरीन गेंद पर बोल्ड कर दिया। रुट की गेंद टप्पे के बाद सीधी रह गई और सुंदर पूरी तरह से चूक गए, इस तरह उनकी 42 रनों की पारी का अंत हुआ और सातवें विकेट के लिए शुभमन गिल के साथ 144 रनों की साझेदारी भी समाप्त हुई। 

20:00 (IST)3 JUL 2025

गिल पहुंचे शिखर पर

गिल अब टेस्ट क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं. उन्होंने पुणे में विराट कोहली द्वारा खेली गई नाबाद 254 रनों की पारी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. 

19:47 (IST)3 JUL 2025

गिल ने सचिन को छोड़ा पीछे

 
गिल ने अपने 250 रन पूरे कर लिए हैं। भारत के लिए टेस्ट में सर्वोच्च स्कोर के मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर (248) को पीछे छोड़कर नौवां स्थान हासिल किया है। 

19:38 (IST)3 JUL 2025

गिल और सुंदर के बीच शतकीय साझेदारी पूरी

 
गिल और सुंदर के बीच शतकीय साझेदारी 137 गेंदों में पूरी हो चुकी है। इसमें सुंदर का योगदान केवल 25 रनों का रहा है। लगातार दो बड़ी साझेदारियों ने इंग्लैंड को मैच में काफी पीछे धकेल दिया है। गिल दोहरा शतक पूरा करने के बाद तेजी से रन बना रहे हैं और अब 250 के करीब पहुंच चुके हैं। 

19:28 (IST)3 JUL 2025

भारत के 500 रन पूरे

 
2003 के बाद पहली बार एजबेस्टन में किसी विदेशी टीम ने 500 का आंकड़ा छुआ है। गिल ने चौका मारकर टीम को को इस आंकड़े के पार पहुंचाया है। अब रन काफी तेजी से आ रहे हैं और इंग्लैंड के पास कोई विकल्प नहीं दिख रहा है। 

19:22 (IST)3 JUL 2025

गिल ने तोड़ा गावस्कर का रिकॉर्ड

 
विकेट नहीं मिलने की निराशा के बीच स्टोक्स ने हैरी ब्रूक को आक्रमण पर लगाया है। गिल ने उनके पहले ओवर में ही चौकों की हैट्रिक लगा दी। इस बीच गिल ने इंग्लैंड में सुनील गावस्कर के भारत के लिए सर्वोच्च 221 रनों के स्कोर के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। अब गिल इंग्लैंड में सर्वोच्च टेस्ट स्कोर वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। 

19:08 (IST)3 JUL 2025

500 के करीब पहुंचा भारत

 
गिल का दोहरा शतक पूरा होने के बाद अगला ओवर भारत के लिए अच्छा रहा जिसमें उन्हें 10 रन मिल गए। गिल किसी भी ढीली गेंद को बख्श नहीं रहे हैं। 124 ओवर के बाद भारत 484/6 

19:00 (IST)3 JUL 2025

18:57 (IST)3 JUL 2025

गिल का ऐतिहासिक दोहरा शतक

 
गिल ने अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगा दिया है। वह SENA देशों में दोहरा शतक लगाने वाले एशिया के पहले कप्तान बने हैं। इसके साथ ही वह टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले छठे भारतीय कप्तान भी बने हैं। गिल भारत के लिए दूसरे सबसे कम उम्र में दोहरा शतक लगाने वाले कप्तान भी बने हैं।

18:47 (IST)3 JUL 2025

गिल और सुंदर के बीच 50 रनों की साझेदारी पूरी

गिल ने टंग को दो चौके लगाए हैं और अब वह अपने दोहरे शतक के काफी करीब पहुंच चुके हैं। गिल और सुंदर के बीच अब 50 रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। 120 ओवर के बाद भारत 471/6

18:30 (IST)3 JUL 2025

भारत को आसानी से मिल रहे रन

 
बशीर ने लगातार रनों पर अंकुश लगा रखा है, लेकिन इंग्लैंड को विकेट नहीं मिल रहे हैं। दोनों छोर से अच्छी गेंदबाजी के बावजूद भारत ने पिछले तीन ओवर में 13 रन बना लिए हैं। 115 ओवर के बाद स्कोर 436/6 

18:20 (IST)3 JUL 2025

लंच के बाद भारत की सजग शुरुआत

लंच के बाद पहले दो ओवर काफी खामोशी से बीते हैं। बशीर और टंग के ओवर से भारत को केवल तीन रन ही मिले हैं। इस बीच सुंदर और गिल के बीच गलतफहमी भी हुई थी। हालांकि, सुंदर सौभाग्यशाली रहे कि वह रन आउट नहीं हुए। 

17:35 (IST)3 JUL 2025

दूसरे दिन हुआ लंच, भारत के नाम रहा पहला सेशन

दूसरे दिन का पहला सेशन समाप्त हो चुका है। भले ही भारत ने अंत के समय रवींद्र जडेजा का विकेट गंवा दिया, लेकिन ये सेशन उनके नाम रहा। टंग इकलौते इंग्लिश गेंदबाज रहे जिन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया। भारत ने पहले सेशन में 109 रन बनाए और उनका रन रेट चार से अधिक का रहा। गिल अभी 168 रन बनाकर नाबाद हैं। उनका साथ वाशिंगटन सुंदर दे रहे हैं।

17:22 (IST)3 JUL 2025

टंग ने तोड़ी साझेदारी

बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे जडेजा अपने शतक से चूक गए हैं। जब ऐसा लग रहा था कि बल्लेबाजी एकदम आसान है तो उन्होंने एक खतरनाक बाउंसर पर अपना विकेट गंवा दिया। टंग ने पटकी हुई गेंद उनके शरीर की लाइन में डाली जिससे बचने के प्रयास में गेंद उनके ग्लव्स में लग गई। उन्होंने 137 गेंदों में 89 रन बनाए। 

17:19 (IST)3 JUL 2025

जडेजा और गिल के बीच 200 रनों की साझेदारी

गिल और जडेजा के बीच की साझेदारी 200 से अधिक रनों की हो चुकी है। दोनों आज के खेल में ही 100 से अधिक रन जोड़ चुके हैं। बशीर के ओवर में गिल और जडेजा दोनों ने एक-एक छक्का लगाकर दिखाया है कि रन बनाना कितना आसान है। 107 ओवर के बाद स्कोर 412/5 



17:13 (IST)3 JUL 2025

भारत ने पूरे किए 400 रन

तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम पहले दिन की अपेक्षा काफी कम मिल रही है। बल्लेबाजों को अब तक कोई परेशानी नहीं हुई है। भारत ने आसानी से 400 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। गिल और जडेजा लगातार इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। 

17:00 (IST)3 JUL 2025

इंग्लैंड डिफेंसिव होने पर हुआ मजबूर

बशीर की गेंदों को भारतीय बल्लेबाज बड़ी आसानी से खेल रहे हैं। अब तक टर्न देखने को नहीं मिला है। इंग्लैंड अब डिफेंसिव खेल पर आने को मजबूर हो गया है और उन्होंने बाउंड्री पर अधिक फील्डर तैनात कर दिए हैं। भारतीय जोड़ी आसानी से रन बना रही है। 103 ओवर के बाद स्कोर 387/5 

16:48 (IST)3 JUL 2025

गिल ने पहली बार टेस्ट में बनाया 150 का स्कोर

गिल ने पहली बार टेस्ट क्रिकेट में 150 का स्कोर बनाया है। ड्रिंक्स ब्रेक के बाद दूसरे ओवर में भारत को दो चौके मिले। इंग्लैंड में 150 या उससे अधिक रनों की टेस्ट पारी खेलने वाले गिल केवल दूसरे भारतीय कप्तान बने हैं। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 1990 में ये कारनामा किया था।

16:38 (IST)3 JUL 2025

भारत के नाम रहा पहला घंटा

दूसरे दिन का पहला घंटा भारत के नाम रहा है। 13 ओवर के खेल में भारत ने 55 रन जोड़े हैं और कोई विकेट नहीं गंवाया है। इंग्लैंड का कोई भी गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों को डराने में कामयाब नहीं रहा है। पिच बल्लेबाजी के लिए काफी आसान दिख रही है। 

16:29 (IST)3 JUL 2025

जडेजा और गिल के बीच 150 रनों की साझेदारी

 जडेजा और गिल के बीच 150 रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। गिल ने कार्स को लगातार दो चौके लगाए हैं, लेकिन इसी बीच उनके बल्ले का निचला हिस्सा थोड़ा डैमेज हो गया है। दोनों बल्लेबाज मिलकर काफी आसानी से रन बना रहे हैं। 

16:20 (IST)3 JUL 2025

इंग्लैंड का डबल चेंज, भारत के 350 रन पूरे

 स्टोक्स और वोक्स को कुछ खास सफलता नहीं मिलने के बाद अब इंग्लैंड ने दोनों छोर से बदलाव किया है। एक छोर से ब्राइडन कार्स और दूसरे से ऑफ स्पिनर शोएब बशीर को लगाया गया है। हालांकि, इन दोनों के पहले ओवर भी भारतीय बल्लेबाजों ने आराम से खेले हैं। इस बीच भारत ने 350 रन भी पूरे कर लिए हैं। 

16:04 (IST)3 JUL 2025

जडेजा ने किया इंग्लिश खिलाड़ियों को परेशान

इंग्लैंड के खिलाड़ी जडेजा की रनिंग से नाखुश हैं। थोड़े ही समय में दो बार उनके खिलाड़ी शिकायत कर चुके हैं कि वह विकेट के उस बीच वाले हिस्से में दौड़ रहे हैं जहां पर दौड़ना प्रतिबंधित होता है। हालांकि, जडेजा पर इसका असर नहीं पड़ा और उन्होंने स्टोक्स को लगातार दो चौके लगा दिए। 92 ओवर के बाद स्कोर 343/5

15:55 (IST)3 JUL 2025

15:53 (IST)3 JUL 2025

जडेजा ने जड़ा पचासा, गिल के साथ पूरी की शतकीय साझेदारी

 
जडेजा ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। इसी मैदान पर पिछली बार जब भारत ने टेस्ट खेला था तब उन्होंने शतक लगाया था। उनके और गिल के बीच की साझेदारी 100 रनों का आंकड़ा पार कर चुकी है। 

15:40 (IST)3 JUL 2025

भारत को शुरुआत में ही मिले दो चौके

भारत ने दूसरे दिन की शुरुआत सकारात्मक तरीके से की है। रविंद्र जडेजा ने ढीली गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया तो वहीं गिल ने बाहरी किनारे से चौका हासिल किया। दोनों ही बल्लेबाज काफी सहज तरीके से गेंदों का सामना कर रहे हैं। 

chat-icon Live Chat online
Sportskeeda logo
Close menu
Cricket
Cricket
WWE
WWE
Free Fire
Free Fire
Kabaddi
Kabaddi
Other Sports
Other Sports
bell-icon Manage notifications